Friday, October 26, 2012



न वक्त कम था ,न ही हम थे जल्दबाजी में ...
बिन रोके पर ,रुक जाने में ,वो मज़ा भी नहीं ...!!

"इंसान ने मांगी हो पर  ,इंसा के लिए न हो ..
गर ऐसी हो असल में फिर ,वो दुआ भी  नही ...।।"

आँखों को भाये खूब , दिल पे छाप न छोड़े 
इतनी कशिश न हो तो फिर ,वो अदा  भी नहीं ..।।.

बस नाम ही लिखकर पते पे भेजा था तेरे  ..
थी दिल की बात हमने सो कुछ ,लिखा भी नहीं ...।।

उस मोड़ पर कुछ रिश्तें अनसुलझे से रखे है ..
जहाँ मैं खड़ा रहा था ,और तू रुका भी नहीं ..
 
"सब दुनिया में ढूंढे  उसे ,वो दिल में बैठा था ,
मूरत का हो मोहताज फिर , वो खुदा भी नहीं  "

दे पापियों को मार  ,पर  रानाई छोड़ दें ..(रानाई =अच्छाई )
गर न चले ऐसी तो फिर ,वो वबा भी नहीं ...(वबा -महामारी )

दिल के बदले दिल , यहाँ बस ये ही  रीत है ,
इन इश्क के ज़ख्मों की कोई दवा भी नहीं ....

"सरहदें वो माएं हैं ,जो खुद सिसकती है ..
पर मुद्दतों बेटों ने जिनको  सुना भी नहीं  "...(मुद्दतों =अरसे से, )

ये वहम है कि मुझको तनहा छोड़ पाओगे  ..
दिल में अगर तुम हो तो फिर हम जुदा भी नहीं ...

"दैर -ओ-हरम के दर दीवारें बंद ही कर दो ..      (दैर-ओ -हरम =मंदिर और मस्जिद  )
इंसानियत से बेहतर मज़हब हुआ भी नहीं ...।।"



                               -अनजान पथिक 

Tuesday, September 18, 2012

‎(राधा )
बिन तोरे नयनन भी कान्हा लगते सीले सीले ,
भीजे जाए तन मन कान्हा ,कजरा गीले गीले ...

तुम संग कान्हा बैठ बताओ कैसे बात करूँ मैं 
बिना सुहागन बने ही कान्हा कैसे मांग भरूँ मैं 
सांझ नहीं ढलती कान्हा बिन तुझको गले लगाये 
रात तड़प मिलने की कान्हा ,तेरे ख्वाब दिखाए 
न कान्हा मैं जाऊं कासी ,न पूजूँ मूरत को 
दिन भर कान्हा भजूँ, मैं तुझ से प्रीतम की सूरत को
फिर भी मेरे पहलू में कान्हा तुम पास नहीं क्यों 
तुझको पाने की कान्हा बुझती है आस मेरी क्यों ..??

(कान्हा)
ओ पगली प्यारी राधा काहे इतना घबराए ,
मैं तुझमें ,तू मुझमें ,अब हम किसको गले लगाये ..
जियरा मोरा भागे मुझसे ,तुझसे जा जुड जाए 
किससे कितना प्यार किसे ,कोई क्या सबूत दिखलाये 
हम तुम इतने पास कि राधा ..इक से लगते दो जन ...
तुम्हरे बिन .सच मैं कहूँ तो राधा ...सूना है वृन्दावन...
तुम बिन बंसी मेरी रूठी ,अधर मेरे ..पथराये ..
जो न तुम ..जीवन में .कौन इन्हें फिर हाथ लगाये.....


तुझ बिन मैं बेमोल हूँ ,मुझको "तू "अनमोल बनाये ..
तेरे हर इक आंसू पे मोसे लाखों "कान्हा" बिक जाएँ .....||
-अनजान पथिक

Sunday, September 9, 2012

कुछ भी बदला नहीं तबसे ...

वक़्त वही ठहरा हुआ हो जैसे अभी तक .....|
कभी कभी 
मोबाइल की नब्ज़ छूकर कोशिश करता हूँ 
कि अभी भी ...
कुछ हो सकता है क्या ..??
कोई पुराना निशाँ रह गया हो शायद ,धोखे से ही सही ,
 जो न मिटा हो,,वक्त की आंधी में  ...||

तभी  इनबॉक्स में छिपा हुआ एक मेसेज खिलखिला  के हँसता है 
 जैसे हो कोई नन्हा शरारती बच्चा ..
जो तंग करने के लिए छिप जाता है कभी कभी 
बेड के नीचे ,दरवाज़े के पीछे ......
और जो  ढूँढ लो उसको ..
तो उसकी मासूमियत पर आ जाती  है मुस्कान खुद ब खुद चेहरे पर ... ..||
                                            
हाँ ,वही इक मेसेज ,जिसमें  लिखा था  तुमने ...
"आज शाम को मिलोगे ..............................,
    ................................... बहुत मन है बात करने का .....||"
*************************
कुछ भी बदला नहीं तब से अब तक...
जो बदला वो बस ये ..तब ये  एक गुज़ारिश थी ..
और अब शायद  एक सवाल ....
बहुत मन है बात करने का ....................................."
"......................................आज शाम को मिलोगे .???
                                                -अनजान पथिक 

ख़ाक का ये जिस्म, ख़ाक में ही जाना है ...
ये इश्क तुमसे, महज़ जीने का बहाना है ....||

ख़्वाबों में आओ ,ज़रा कुछ देर फिर ठहरो 
ये दौर फुरसत का ,कहाँ हर रोज आना है ...||

ये उम्र ही ऐसी है ,कुछ कुछ भूल करने की.
नादानियां तो हर जवान दिल का फ़साना हैं....||

कभी मुस्का के शर्माना ,कभी शर्मा के मुस्काना..
तुम्हें मालूम है ,कितनी तरह से दिल जलाना है ..||

खुदा से बंदगी की रस्म हमने तोड़ दी क्योंकि ...
तुम्हारे नाम का कलमा ,हमें होठों से गाना है ...||

तुम्हारे बिन ये लगता है कि सब कुछ है अधूरा सा 
तुम जो साथ हो ,तो संग में पूरा ज़माना है.....||

"कोई कह दे कि पागल हो ,तो कोई फर्क न पड़ता ...
पर फर्क पड़ता , जब लगे तुमको- "दीवाना है" ||"

"है मरे इश्क का रुतबा,जो तेरी ओर खिंचते हैं ..
वरना हमको भी मालूम है -किस ओर जाना है...||"
-अनजान पथिक

Saturday, September 1, 2012

जिंदगी एक जाम है

जिंदगी एक जाम है ,मुस्कुरा के पीजिए 
वक्त जो सौगात दे ,बाअदब ले लीजिए ...(बाअदब -with respect )

सब अधूरे है यहाँ पर अलग अलग किस्म के 
कुछ किसी से लीजिए ,किसीको कुछ दे दीजिए...

सबके दिल में एक कोना ,जीतने का हो हुनर 
पर आपको जो जीत माने ,दिल उसे ही दीजिए...

हद से गुज़र जाने का जज्बा ,इश्क में रखिये मगर 
खुदी जहाँ खतरे में हो ,सब ताक पे रख दीजिए...(खुदी -self respect )

"जो कभी हासिल हो तुमको ,मांगो कि वो हक हो तेरा "
गर भीख कहकर दे .कोई तो कह दो कि रहने दीजिए...."||
-अनजान पथिक

Monday, August 20, 2012

ईद का चाँद



घुटने के बल सरक सरक...कर 
बड़ी दूर से आकर उसने ...
पीछे से ...ऊँगली थामी थी ...
और कानों में हौले ,,बोला था  ,
-
---"एक संदेसा लाया हूँ ,.....
ख़ास है..!!!!
पढना चाहोगे ....???  "||--

पलट के देखा ज्यों ही . ..
नन्हा छोटा चाँद खड़ा था.....
हथेली पे, नाज़ुक सी उसकी 
"मेहँदी" से तेरा नाम लिखा  था...
रचा हुआ था-..".मैं" भी उसमें...
और नीचे पैगाम  लिखा  था 
"तुमको भी ये ईद मुबारक....."

आज समझ में आया ...
"ईद के  चाँद का इतना रुतबा क्यों है...!!!!!!! "
                                        -अनजान पथिक 

Sunday, August 19, 2012

मैं जिंदगी का साज़ हूँ ...

मैं जिंदगी का साज़ हूँ ..,होठों पे ठहर जाऊँगा...
साँसों के सुर सजाना तुम ,मैं गीत बनकर आऊंगा ...!!!
हो जिंदगी बेसाज जब ,तब गुनगुनाना मुझको तुम...
मैं गीत हूँ ,जो ज़िन्दगी को सुरमयी कर जाऊँगा..!!

तुम अश्क बन के टूटोगे  ,जब भी मुझसे रूठोगे ..
मैं गीत,गज़ल,हंसी बनकर तुझको फिर मनाऊँगा.. ||

जो तुम कहोगे मुझसे कि मैं प्रीत की एक रस्म हूँ ,
सच मानो तो मैं उम्र भर ,ये रस्म फिर निभाऊंगा...

तुम बोलकर भी सोचोगे ,कुछ रह गया जो ना कहा 
मैं बिन कहे तेरी वो सब खामोशियाँ पढ़ जाऊँगा....

तुम मेरे संग बैठोगे तो खुद को भूल जाओगे..
और मेरे बिन जो बैठोगे ,तो तुमको याद आऊंगा ...
तुम ज़िन्दगी की रातों में ,खुद को जो तन्हा पाओगे..
मैं जुगनू बनके ही सही ,एक रोशनी कर जाऊँगा...

तुम जब भी गुनगुनाते हो , मैं मायने पा जाता हूँ .... 
इक बार गा लेना कभी ,तो मैं अमर हो जाऊँगा...!!!
मैं जिंदगी का साज़ हूँ ..,होठों पे ठहर जाऊँगा...||||
                                                                -अनजान पथिक